Local NewsRamanujganjUncategorized

माली मालाकार कल्याण संघर्ष मोर्चा ने धूमधाम से मनाई सावित्रीबाई फुले की जयंती, जरूरतमंदों को बांटे गर्म कपड़े

रामानुजगंज | माली मालाकार कल्याण संघर्ष मोर्चा इंडिया फाउंडेशन द्वारा शनिवार को नगर के आमंत्रण धर्मशाला परिसर में देश की प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती भव्य रूप से मनाई गई। इस अवसर पर समाज सेवा और सम्मान समारोह का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ एक ओर जरूरतमंद बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए गए, वहीं दूसरी ओर समाज को दिशा देने वाले शिक्षकों और पत्रकारों का सम्मान किया गया।

शिक्षा की अलख जगाने का संकल्प
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीओपी बाजीलाल सिंह, विशिष्ट अतिथि सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा सावित्रीबाई फुले के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान न्यू स्मार्ट पब्लिक स्कूल, मितगई स्कूल, एवं कुछ अन्य स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शिक्षा जागरूकता पर आधारित नृत्य और नाटकों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

84 बच्चों को मिले गर्म कपड़े, सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान
कड़ाके की ठंड को देखते हुए फाउंडेशन द्वारा विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत 84 छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़े वितरित किए गए। मुख्य अतिथि बाजीलाल सिंह ने अपने हाथों से बच्चों को स्वेटर पहनाए।

शिक्षण क्षेत्र में बहुमूल्य योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों— लाल बिहारी चौबे, लक्ष्मण ठाकुर, शिवकुमार यादव, अनिरुद्ध दास, वेद प्रकाश केसरी, प्रहलाद सोनी, लालमन सोनी, रमेश गुप्ता एवं शिक्षिका शीला गुप्ता को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षिका बिंदी सिंह व अन्य निजी शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।

पत्रकारों का परंपरागत सम्मान
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारों को भी उनके निस्वार्थ सेवा के लिए डायरी एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच का सफल संचालन शिक्षक लक्ष्मी सोनी एवं मंटू ठाकुर द्वारा किया गया।

इनका रहा विशेष योगदान
प्रकाश मालाकार के नेतृत्व में आयोजित इस वृहद कार्यक्रम को ‘सर्व रवि दास समाज जनकल्याण ब्लॉक रामानुजगंज’ का पूर्ण समर्थन प्राप्त रहा। आयोजन को सफल बनाने में विनोद भगत, सतीश मालाकार, राजेंद्र मालाकार, सुरेंद्र मालाकार, रंजीत मालाकार, पिंटू मालाकार, देव शंकर मालाकार, संजय गुप्ता, शीला मालाकार, मीना गुप्ता तथा विक्रांत मालाकार सहित समाज के अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *