EnvironmentBalrampurChhattisgarhRamanujganjSpecial Reports

रामानुजगंज: 22 हाथियों के दल ने डाला डेरा, दहशत में ग्रामीण, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रामानुजगंज फॉरेस्ट रेंज का है, जहां पिछले कुछ दिनों से 22 हाथियों का एक विशाल झुंड डेरा डाले हुए है। हाथियों की इस मौजूदगी से पूरे इलाके में डर का माहौल है और ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं।

झुंड में 5 शावक भी शामिल वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस दल में 10 मादा और 7 नर हाथियों के साथ 5 छोटे शावक भी हैं। हाथियों का यह कुनबा लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है, जिससे विभाग की चिंता बढ़ गई है। विजयनगर सर्कल प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि फिलहाल यह दल उत्तरी विजयनगर के कंपार्टमेंट पी-3487 के जंगलों में मौजूद है। वन कर्मियों की टीम 24 घंटे हाथियों की मूवमेंट को ट्रैक कर रही है।

गाँवों में मुनादी, जंगल जाने पर रोक हाथियों के खतरे को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित इलाकों के गाँवों में मुनादी करा दी है। लोगों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी स्थिति में जंगल के भीतर न जाएं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब जाने या उन्हें छेड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें।

महुआ का सीजन बना जान का दुश्मन इन दिनों महुआ बीनने का सीजन चल रहा है, जिसकी वजह से ग्रामीण तड़के ही जंगलों का रुख करते हैं। यही लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। हाल ही में चीनिया क्षेत्र में एक युवती को इसी दल ने कुचलकर मार डाला था। विभाग ने साफ किया है कि जब तक हाथियों का दल क्षेत्र से बाहर नहीं निकल जाता, तब तक सावधानी ही एकमात्र बचाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *