National NewsChhattisgarhCrime & Law

सरगुजा पुलिस की कार्रवाई: ग्रामीण से 49 हजार की उठाईगिरी करने वाला दूसरा मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक जब्त

​लखनपुर/सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में एक भोले-भाले ग्रामीण से हुई 49 हजार रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और ठगी की रकम बरामद की गई है।
​क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 318 (4), 3 (5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी कड़ी में पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सक्रियता के आधार पर दूसरे मुख्य आरोपी राम सिंह (27 वर्ष), पिता नान साय, निवासी ग्राम तूंगा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया है।
​आदतन अपराधी है साथी, 4 महीने पहले ही छूटा था जेल से
पूछताछ में आरोपी राम सिंह ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी जेल कुमार के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। उसने बताया कि उसका साथी जेल कुमार आदतन अपराधी है और पहले भी लखनपुर थाना क्षेत्र में ठगी के मामले में जेल जा चुका है। वह करीब चार महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था, जिसके बाद दोनों ने मिलकर फिर से क्षेत्र में ठगी और उठाईगिरी शुरू कर दी।
​कुल 38 हजार रुपये हुए बरामद
पुलिस ने आरोपी राम सिंह की निशानदेही पर उसके कब्जे से 18,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 15 ED 5697) जब्त की है। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में ठगी गई कुल 49,000 रुपये की रकम में से अब तक कुल 38,000 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों ने बताया कि शेष राशि उन्होंने खाने-पीने और घूमने-फिरने में खर्च कर दी।
​पुलिस ने आरोपी राम सिंह को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *