Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

नगर पालिका परिषद रामानुजगंज को 10.72 करोड़ की विकास स्वीकृतियाँ

रामानुजगंज, बलरामपुर (छत्तीसगढ़)।
नगर पालिका परिषद रामानुजगंज को विभिन्न मदों में कुल 10 करोड़ 72 लाख 49 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह जानकारी पालिका अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई। स्वीकृत कार्यों में अधोसंरचना, स्वच्छता, पेयजल, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा सामाजिक भवन निर्माण से जुड़े प्रकल्प शामिल हैं।

अधोसंरचना और प्रतिमा स्थापना

अधोसंरचना मद के अंतर्गत शहर में कंक्रीट सड़क एवं नाली निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही स्वामी विवेकानंद एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना हेतु कुल 280.32 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

कन्हर नदी प्रदूषण नियंत्रण

शहर के नालों का गंदा पानी कन्हर नदी में मिलने की समस्या के समाधान के लिए स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन आधारित एसटीपी निर्माण हेतु 537.36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे नदी प्रदूषण नियंत्रण और शहरी स्वच्छता में सुधार की उम्मीद है।

ठोस अपशिष्ट और पाइपलाइन विस्तार

सूखे एवं गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना तथा पूर्व स्थापित संयंत्र के उन्नयन के लिए 85.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
15वें वित्त आयोग के माध्यम से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार के लिए 83.26 लाख रुपये तथा एसएलआर सेंटर उन्नयन हेतु 8.27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सामाजिक और आवासीय योजनाएँ

साहू समाज सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 24 हितग्राहियों को पक्के मकान निर्माण के लिए 67.80 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार

पालिका अध्यक्ष ने इन स्वीकृतियों के लिए क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य सरकार के मंत्रियों सहित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

प्रशासनिक दृष्टि

नगर के लिए यह पहली तिमाही में बड़ी वित्तीय स्वीकृति मानी जा रही है। अब चुनौती समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्ता नियंत्रण की होगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कार्यों की निविदा प्रक्रिया एवं तकनीकी स्वीकृतियाँ नियमानुसार पूर्ण की जाएंगी।

पालिका अध्यक्ष श्री रमन अग्रवाल ने हमारे संवाददाता से बात करते हुए यह उम्मीद जताया कि स्वीकृत योजनाएँ शीघ्र धरातल पर उतरेंगी और शहर के बुनियादी ढांचे में ठोस सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *