बलरामपुर: चलगली पुलिस की बड़ी कार्यवाही, अंतरराज्यीय पशु तस्कर गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार
बलरामपुर-रामानुजगंज | छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में चलगली पुलिस ने अंतरराज्यीय पशु तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में 13 नग मवेशी, दो पिकअप वाहन और रेकी में इस्तेमाल की जा रही एक क्रेटा कार जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 और 25 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना प्रभारी चलगली गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केना पारा, भगवानपुर के रास्ते मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और दो पिकअप वाहनों (नंबर UP 64 CT 4888 एवं एक सोल्ड वाहन) को रोका, जिसमें 13 नग मवेशी लदे हुए थे।
रेकी कर रही क्रेटा कार भी पकड़ी गई
पुलिस ने बताया कि तस्करी के इन वाहनों को रास्ता दिखाने (रेकी करने) के लिए एक सफेद रंग की क्रेटा कार (नंबर CG 04 LD 3949) का उपयोग किया जा रहा था। पुलिस ने कार सवार दो मुख्य तस्करों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऐनुलाह अंसारी (36 वर्ष, निवासी गढ़वा, झारखंड) और सूर्यजीत पटेल (25 वर्ष, निवासी सूरजपुर, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत छत्तीसगढ़ राज्य कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)घ के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की चेतावनी
थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील केरकेट्टा ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी के साथ प्रधान आरक्षक गौतम मरकाम, प्रदेश पैकरा, आरक्षक संजय जायसवाल, कृष्णा मरकाम, चमनु राम और सैनिक राजीव पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
