Uncategorized

ज्वैलरी दुकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, चांदी के जेवर बरामद

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैयाजी रोड निवासी विनोद सोनी ने थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च को होली के कारण उनकी ज्वैलरी दुकान दिन में बंद थी। 5 मार्च की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि अज्ञात चोर ने रात में दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर घुसकर चोरी कर ली।

जांच में पता चला कि दुकान से 8 जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का ब्रेसलेट, एक चांदी की चैन, एक चांदी का कड़ा, एक जोड़ी पुराना सोने का आभूषण (रास), तीन गिल्ट की हसुली, तीन गिल्ट की चेन तथा चार कंचन थाली चोरी हो गई थीं। शिकायत के आधार पर थाना कुसमी में धारा 305(ए) और 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर बकसपुर निवासी गाजेश्वर उर्फ छोटू पैकरा (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से 5 कांसे की थाली, 5 कांसे की प्लेट, एक कांसे का कटोरा, एक हसुली, एक चांदी का ब्रेसलेट, एक चांदी की चैन, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा पांच जोड़ी गिल्ट के कान के टॉप्स बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद सामान जब्त कर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *