रामानुजगंज में फिर गूंजेगी नौकायन की रौनक, 10 साल बाद वन वाटिका झील तैयार
रामानुजगंज। नगर के वन वाटिका स्थित सुंदर झील में एक बार फिर नौकायन की सुविधा शुरू होने जा रही है। वन विभाग रामानुजगंज द्वारा इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है, जिससे क्षेत्रवासियों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

वन विभाग को इस पहल के लिए हिंडाल्को कंपनी की ओर से सहयोग मिला है। विभाग को दो मोटर बोट, दो पैडल बोट और दो पटवार से चलने वाली छोटी नावें उपलब्ध कराई गई हैं। इन नौकाओं के जरिए लोगों को झील में सुरक्षित और आनंददायक नौकायन का अनुभव मिल सकेगा।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वन वाटिका पार्क, जो लंबे समय से अपनी मनमोहक छटा के लिए जाना जाता है, वहां करीब 10 वर्षों के बाद यह सुविधा फिर से शुरू की जा रही है। इससे न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नगर की पहचान भी मजबूत होगी।

नौकायन व्यवस्था के सुचारू संचालन और नियम तय करने के लिए आज शाम 4 बजे वन विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संचालन से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा की गई।
उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आम जनता के लिए नौकायन की सुविधा औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी, जिससे वन वाटिका एक बार फिर शहर का प्रमुख आकर्षण बन सकेगा।
