EnvironmentBalrampurChhattisgarhRamanujganjSpecial Reports

बलरामपुर: रामानुजगंज में जंगली हाथियों का तांडव, फार्म हाउस में तीन एकड़ गेहूं की फसल रौंदी

रामानुजगंज (बलरामपुर)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में, बुधवार तड़के हाथियों के एक दल ने रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 1 में स्थित एक निजी फार्म हाउस पर हमला कर करीब तीन एकड़ में तैयार गेहूं की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

तड़के 3 बजे हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, जनपद पंचायत कार्यालय के समीप स्थित एक फार्म हाउस में बुधवार सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच तीन जंगली हाथी फेंसिंग तोड़कर घुस आए। खेत में कटाई के बाद गेहूं की फसल थ्रेसिंग के लिए रखी गई थी, जिसे हाथियों ने न केवल खाया बल्कि बुरी तरह रौंद डाला। अनुमान जताया जा रहा है कि इस हमले में करीब 25 से 30 क्विंटल गेहूं और केले के पौधों का भारी नुकसान हुआ है।

बाल-बाल बचा चौकीदार

घटना के वक्त फार्म हाउस पर तैनात चौकीदार सो रहा था। हाथियों की मौजूदगी और शोर सुनकर उसकी नींद खुली, जिसके बाद हाथी वापस जंगल की ओर भाग गए। फार्म हाउस संचालक के अनुसार, दो साल पहले भी हाथियों ने इसी स्थान पर जौ की फसल और सिंचाई की पाइपलाइन को भारी नुकसान पहुँचाया था।

वन विभाग अलर्ट, 22 हाथियों का दल क्षेत्र में सक्रिय

रामानुजगंज वन परिक्षेत्र की रेंजर डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में 22 हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा है। उन्होंने कहा:

“झुंड से बिछड़कर तीन हाथी रिहायशी इलाके के करीब स्थित फार्म हाउस तक पहुंचे थे। फिलहाल यह दल लुर्गी पहाड़ से होते हुए रामपुर के जंगलों की ओर बढ़ गया है। विभाग की टीम लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रही है।”

मुआवजा प्रक्रिया शुरू

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और पंचनामा तैयार किया है। रेंजर ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित पक्ष को नियमानुसार जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही, मुनादी के जरिए आसपास के ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

रातभर निगरानी दल में वनपाल दयाशंकर सिंह, ड्राइवर ओमप्रकाश प्रजापति और हाथी मित्र दल के सदस्य सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *