रायपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक का मोबाइल छीनकर बदमाश फरार।
सुबह की सैर पर निकले नेताजी के साथ हुई इस वारदात के बाद रायपुर पुलिस मौके पर तफ्तीश में जुटी।

ज्ञानतत्व दैनिक प्रतिनिधि – प्रदीप ठाकुर
रायपुर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले BJP नेता और छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल झपटमारी की घटना हो गई। बताया जा रहा है कि सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित PWD ब्रिज के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गया। घटना के समय वे अकेले मॉर्निंग वॉक कर रहे थे।
मामले की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस इसे सुनियोजित मोबाइल स्नैचिंग की घटना मानकर चल रही है।
घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। वहीं आम लोगों के बीच भी यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि राजधानी में एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता के साथ हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
