Local NewsBalrampurRamanujganj

डीईओ पर फिर उठे वित्तीय अनियमितता के आरोप, 4.53 करोड़ रुपये के भुगतान की जांच की मांग

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) मनीराम यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उनके खिलाफ शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग, संदिग्ध एवं फर्जी बिलों के माध्यम से करोड़ों रुपये के भुगतान तथा वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत की गई है। मामले में सक्षम अधिकारियों से जांच कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।

प्राप्त शिकायत के अनुसार डीईओ कार्यालय में स्टेशनरी, फर्नीचर, खेल सामग्री, साइकिल, स्वच्छता सामग्री, सूचना एवं प्रौद्योगिकी सामग्री, वाहन मरम्मत सहित विभिन्न मदों में बड़ी मात्रा में भुगतान किए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कई भुगतानों की वास्तविकता, सामग्री की आपूर्ति तथा उपयोगिता संदेह के घेरे में है।

शिकायत में नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच जारी किए गए 66 बिलों का उल्लेख करते हुए कुल 4 करोड़ 53 लाख 14 हजार 992 रुपये के भुगतान का विवरण प्रस्तुत किया गया है। इनमें फर्नीचर मद में लाखों रुपये के कई भुगतान, खेल सामग्री, स्टेशनरी एवं अन्य आकस्मिक व्यय के नाम पर बड़ी राशि खर्च किए जाने का उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि संबंधित देयकों के बिल, वाउचर, कैशबुक, स्टॉक रजिस्टर, क्रय रजिस्टर एवं बैंक अभिलेखों की विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित विक्रेताओं एवं फर्मों से भुगतान और सामग्री आपूर्ति का सत्यापन कराया जाए तथा विद्यालयों में सामग्री का भौतिक सत्यापन भी किया जाए।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में अनियमितताएं सिद्ध होती हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, वित्तीय नियमों एवं सेवा आचरण नियमों के तहत कार्रवाई की जाए तथा शासकीय कोष को हुई संभावित क्षति की वसूली सुनिश्चित की जाए।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिला शिक्षा विभाग से जुड़े कई मामलों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में करोड़ों रुपये के भुगतान से जुड़ी इस नई शिकायत ने शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन और उच्च अधिकारी इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *