नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, रघुनाथनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर भेजा जेल
बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के थाना रघुनाथनगर क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की जांच अभी जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 जून को पीड़िता के पिता ने रघुनाथनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 27 जून की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। देर रात जब उनकी नींद खुली तो नाबालिग बेटी घर में नहीं मिली। परिजनों ने रातभर आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
अगली सुबह घर लौटने पर पीड़िता ने परिजनों को बताया कि जनकपुर निवासी नंदू अगरिया (23 वर्ष) उसे बहला-फुसलाकर घर से दूर जंगल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत के आधार पर रघुनाथनगर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 71/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2)(ड) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला कायम किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 29 जून को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को विशेष न्यायालय, रामानुजगंज में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन विवेचना की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।
