समाज-निष्ठ पत्रकारिता के संकल्प के साथ ज्ञानतत्त्व दैनिक वेब पोर्टल का शुभारंभ
आदरणीय बजरंग मुनि जी के समाज-सापेक्ष चिंतन और “समाज सर्वोच्च” की अवधारणा से प्रेरित ज्ञानतत्त्व दैनिक वेब न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ 25 दिसंबर को आमंत्रण धर्मशाला के सभागार में अपराह्न 3:00 बजे संपन्न हुआ। पोर्टल का उद्घाटन स्वराज नगर रामानुजगंज की नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल द्वारा बटन दबाकर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्ञान यज्ञ परिवार के संरक्षक, आदरणीय बजरंग मुनि जी के छोटे भाई एवं समाजसेवी कन्हैयालाल अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस निरीक्षक रामानुजगंज अजय साहू, पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आर. के. पटेल, कांग्रेस महामंत्री अजय गुप्ता तथा ज्ञान यज्ञ परिवार के संरक्षक अशोक जायसवाल की उपस्थिति रही। नगर के पत्रकार बंधुओं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन ज्ञानतत्त्व दैनिक के कार्यकारी संपादक अजय कुमार तूती ने किया। अपने संबोधनों में वक्ताओं ने आदरणीय बजरंग मुनि जी के जन्मदिवस के अवसर पर उनके सामाजिक, वैचारिक और स्वराज-केंद्रित कृतित्व को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि मुनि जी का समग्र जीवन-दर्शन व्यक्ति या सत्ता के बजाय समाज को केंद्र में रखकर विकसित हुआ है, और यही दृष्टि ज्ञानतत्त्व दैनिक की वैचारिक नींव है।
अपने उद्बोधन में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने ज्ञानतत्त्व दैनिक के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों से समाज-निष्ठ, तथ्य-आधारित और निष्पक्ष पत्रकारिता को सशक्त रूप देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्थानीय से लेकर व्यापक स्तर तक समाजहित में कार्य करने वाला यह पोर्टल जनविश्वास अर्जित करेगा।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कन्हैयालाल अग्रवाल ने आदरणीय बजरंग मुनि जी के जन्मदिवस पर कृतज्ञतापूर्वक उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने आदर्श और मूल्य-आधारित जीवन के प्रति मुनि जी की आजीवन प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ज्ञान यज्ञ परिवार सामाजिक एकीकरण के माध्यम से समाज सशक्तिकरण के लिए सतत कार्य कर रहा है। इसी क्रम में उन्होंने समसामयिक संदर्भों पर सजग और उत्तरदायी पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध ज्ञानतत्त्व दैनिक को शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि ज्ञानतत्त्व दैनिक, स्वराज नगर रामानुजगंज की उस वैचारिक परंपरा की अगली कड़ी है, जहाँ विगत लगभग चार दशकों से शोध-आधारित और विचारप्रधान “ज्ञानतत्त्व” पाक्षिक पत्रिका का नियमित प्रकाशन होता रहा है। वेब पोर्टल उसी चिंतन को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के साथ आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रति उत्तरदायी पत्रकारिता का सशक्त मंच बनने का प्रयास करेगा।
मीडिया प्रभारी
अशोक पुरी
ब्यूरो चीफ, ज्ञानतत्त्व दैनिक
रामानुजगंज, छत्तीसगढ़ – 497220
GYANTATVA.IN

