BalrampurChhattisgarhCrime & LawRamanujganj

बलरामपुर: वाड्रफनगर के चुरैला नाला के पास दो बाइकों में भीषण भिड़ंत, टक्कर के बाद लगी आग; एक की मौत, तीन गंभीर

वाड्रफनगर (बलरामपुर)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ चुरैला नाला के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने से सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना के तत्काल बाद दोनों ही मोटर साइकिलें धूं-धूं कर जल उठीं।

इस भीषण हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की सक्रिय मदद से फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बिना वक्त गंवाए सिविल अस्पताल वाड्रफनगर भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, वाड्रफनगर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *