रामानुजगंज रिंग रोड पर अनियंत्रित पिकअप पुलिया में पलटी, कुर्लूडीह के एक युवक की मौत, तीन की हालत नाजुक
रामानुजगंज: रामानुजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिंग रोड पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित पिकअप वाहन के पुलिया में गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। ‘स्वाद घर’ के समीप दोपहर 1:30 बजे हुए इस एक्सीडेंट में एक युवक की जान चली गई, वहीं तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी हताहत ग्राम कुर्लूडीह के निवासी बताए जा रहे हैं।

काम निपटाकर लौट रहे थे घर: घटनाक्रम के अनुसार, कुर्लूडीह के ये चारों युवक अपनी खराब बाइकों की मरम्मत कराने रामानुजगंज आए थे। इसके बाद वे नावाडीह से कुछ पौधे लेकर पिकअप से अपने गांव वापस जा रहे थे कि तभी रिंग रोड पर पिकअप अनियंत्रित होकर 15 फीट गहरी पुलिया में उतर गई। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 21 वर्षीय धुनधुन (पिता मुखदेव) की मौके पर ही सांसें थम गईं।


रेस्क्यू और पुलिस कार्रवाई: स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की मुस्तैदी से मलबे में फंसे घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया। घायलों में सुनील यादव (35), उमा (21) और मंगलू (24) शामिल हैं, जिन्हें एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार हेतु रेफर किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के तकनीकी कारणों का पता लगा रही है।

