बलरामपुर: रामचंद्रपुर विकासखंड में स्वीकृत हुए 3 नवीन पण्डो छात्रावास, 150 विद्यार्थियों को मिलेगी आवासीय सुविधा
बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विकासखंड रामचंद्रपुर में विशेष पिछड़ी जनजाति (पण्डो वर्ग) के छात्र-छात्राओं के लिए तीन नवीन प्री-मैट्रिक छात्रावासों के संचालन की स्वीकृति दी गई है। इससे क्षेत्र के पण्डो जनजाति के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवासीय सुविधा का लाभ मिलेगा।

50-50 सीटों की रहेगी व्यवस्था
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत रामचंद्रपुर विकासखंड में स्वीकृत इन तीनों नवीन संस्थाओं में प्रत्येक छात्रावास के लिए 50-50 सीटें निर्धारित की गई हैं। जब तक इन छात्रावासों के नियमित भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक इनका संचालन वैकल्पिक रूप से पूर्व से संचालित भवनों में संयुक्त रूप से किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
नवीन छात्रावासों का विवरण एवं संपर्क सूत्र
इच्छुक पण्डो जनजाति के विद्यार्थी व उनके अभिभावक प्रवेश प्रक्रिया के लिए संबंधित छात्रावास अधीक्षकों से सीधे संपर्क कर सकते हैं:
- प्री-मैट्रिक पण्डो विशेष पिछड़ी जनजाति कन्या छात्रावास, रामानुजगंज
- संचालन स्थल: वैकल्पिक रूप से पूर्व संचालित उड़ान संस्था भवन
- प्रभारी अधीक्षिका: श्रीमती सुषमा भगत
- संपर्क नंबर: 9399786345
- प्री-मैट्रिक पण्डो विशेष पिछड़ी जनजाति बालक छात्रावास, रामानुजगंज
- संचालन स्थल: वैकल्पिक रूप से पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास रामानुजगंज भवन
- प्रभारी अधीक्षक: श्री रामखेलावन जाटवर
- संपर्क नंबर: 7974536307
- प्री-मैट्रिक पण्डो विशेष पिछड़ी जनजाति बालक छात्रावास, डिंडो
- संचालन स्थल: वैकल्पिक रूप से प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास डिंडो भवन
- अधीक्षक: श्री आशीष कुमार (श्रेणी ‘द’)
- संपर्क नंबर: 8319166195
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा इच्छुक पात्र विद्यार्थी यथाशीघ्र संबंधित छात्रावास अधीक्षक से संपर्क कर प्रवेश ले सकते हैं।
