कैंसर पीड़िता प्रभा रवि को मिली 1 लाख रुपये की सहायता राशि, जताया मुख्यमंत्री और मंत्री का आभार
बलरामपुर: गंभीर बीमारी से जूझ रहे परिवारों की मदद के क्रम में कैंसर से पीड़ित महावीरगंज निवासी प्रभा रवि के इलाज के लिए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। बुधवार को रामचंद्रपुर जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रभा रवि को यह चेक सौंपा गया, जिससे उनके परिवार को चिकित्सा खर्च में बड़ी राहत मिलेगी।

मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से स्वीकृत हुई राशि कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम की विशेष पहल और प्रयासों के कारण ही यह राशि जल्द स्वीकृत हो सकी। रामचंद्रपुर जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित इस गरिमामय वितरण कार्यक्रम के दौरान कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति चेक वितरण के अवसर पर जनपद अध्यक्ष मुद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रणवीर साय सहित जनपद सदस्य रामेश्वर यादव, राजकुमार यादव, अशरफी यादव और महेश्वर जगते मुख्य रूप से उपस्थित थे।
‘इलाज के लिए संजीवनी बनी सहायता राशि’ आर्थिक सहायता का चेक प्राप्त करने के बाद भावुक प्रभा रवि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री रामविचार नेताम का सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह आर्थिक मदद हमारे परिवार के लिए इस कठिन समय में संजीवनी के समान है। इससे मेरे कैंसर के इलाज में बहुत बड़ी मदद मिलेगी। मंत्री जी के इस सहयोग को मेरा परिवार सदैव याद रखेगा।”
