Local NewsBalrampurChhattisgarhEducationRamanujganjSpecial Reports

रामानुजगंज में सागर मोती फाउंडेशन ने मनाया शिक्षक दिवस सम्मान समारोह, उत्कृष्ट व सेवानिवृत्त शिक्षक हुए सम्मानित

रामानुजगंज : भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जन्म जयंती (शिक्षक दिवस) के अवसर पर सागर मोती फाउंडेशन द्वारा स्थानीय मांगलिक भवन में भव्य ‘शिक्षक दिवस सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। विगत वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रम में रामानुजगंज ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2025-26 में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को भी शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभिनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम उपस्थित रहे। मंच पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहें। अपर कलेक्टर श्री आर एस लाल, जिला शिक्षा अधिकारी मणि राम यादव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अरविन्द नेताम, अनुभागीय अधिकारी श्री बाजीलाल सिंह, तथा तहसीलदार श्री मनोज पैकरा, खंड शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विशिष्ट अतिथियों में श्री सुभाष जयसवाल, श्री कन्हैया लाल अग्रवाल, श्री आर के पटेल, श्री मोहन गुप्ता, श्री अरुण केशरी, श्री टी आर शर्मा सहित नगर पालिका के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण एवं सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर रामानुजगंज ब्लॉक के लगभग हर विद्यालय से आए शिक्षकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

7 विद्यालयों के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह के दौरान नगर व क्षेत्र के 7 प्रमुख विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक मनमोहक, सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें शामिल हैं:

  1. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय: विद्यार्थियों द्वारा मधुर सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई।
  2. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय: छात्राओं ने भव्य स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
  3. एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय: छात्र सूरज कुमार द्वारा बेहतरीन बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी गई।
  4. सरस्वती विद्या मंदिर, रामानुजगंज: विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया।
  5. साईं बाबा पब्लिक हाई स्कूल: छात्रों ने मनमोहक ग्रुप डांस (नृत्य) पेश किया।
  6. कस्तूरबा गांधी विद्यालय (द्वितीय समूह): छात्राओं द्वारा शानदार नृत्य की प्रस्तुति हुई।
  7. पोस्ट मैट्रिक / प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास, रामानुजगंज: छात्राओं द्वारा मनमोहक लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन सभी सातों विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को आयोजकों द्वारा नगद राशि एवं शिक्षा से संबंधित आवश्यक उपकरण भेंट कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *