औषधि विक्रेता संघ की नई कार्यकारिणी घोषित: तीनों मुख्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, मां तारा गोपाल हाइट्स में संपन्न हुई प्रक्रिया
रामानुजगंज (बलरामपुर)। बलरामपुर-रामानुजगंज औषधि विक्रेता संघ की नवीन कार्यकारिणी का निर्वाचन सोमवार को नगर के मां तारा गोपाल हाइट्स में तय चुनावी दिशा-निर्देशों के तहत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। संघ के तीनों प्रमुख पदों पर सर्वसम्मति देखने को मिली, जिसके तहत अध्यक्ष पद पर अजय गुप्ता, सचिव पद पर द्वारिका नाथ पांडेय और कोषाध्यक्ष पद पर नवीन गुप्ता निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

पूरी निर्वाचन प्रक्रिया संघ द्वारा नियुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमाशंकर कुशवाहा की देखरेख में समय-सारणी के अनुसार पूरी कराई गई। दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होकर शाम 5:45 बजे तक विभिन्न चरणों—नामांकन पत्र वितरण, जमा, स्क्रूटनी, आपत्ति निराकरण और नाम वापसी—की प्रक्रिया पूरी की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमाशंकर कुशवाहा ने जानकारी दी कि संघ के लगभग 238 पंजीकृत केमिस्ट सदस्यों के बीच तय समयसीमा में केवल तीन ही नामांकन दाखिल किए गए। जांच के दौरान तीनों प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए और तय समय तक किसी अन्य सदस्य द्वारा दावेदारी या आपत्ति प्रस्तुत नहीं की गई। इसके चलते निर्वाचन नियमों के तहत तीनों पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचन की अधिकृत घोषणा कर दी गई।
परिणामों की घोषणा होते ही उपस्थित दवा विक्रेताओं और संघ के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। पदाधिकारियों ने संगठन के हितों की रक्षा और व्यापारियों के कल्याण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
