EnvironmentBalrampurChhattisgarhCrime & LawLocal NewsRamanujganj

बाइक पर साल चिरान की तस्करी: वन विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पिता-पुत्र गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

बलरामपुर। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को भनौरा क्षेत्र में घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध रूप से ले जाई जा रही कीमती साल की लकड़ी बरामद की है। मामले में संलिप्त पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

बलरामपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सर्किल बलरामपुर के बीट क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम ने जॉन डियर ट्रैक्टर शोरूम के समीप संदिग्ध अवस्था में आ रही मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 30 D 1479) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उस पर साल प्रजाति के चिरान लदे मिले। पूछताछ के दौरान वाहन सवार लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या अभिवहन पास प्रस्तुत नहीं कर सके।

जांच में बाइक से 0.141 घनमीटर मात्रा के कुल 7 नग साल चिरान बरामद किए गए। टीम ने तत्काल वनोपज और प्रयुक्त वाहन को जब्त करते हुए आरोपित मदन गुप्ता (पिता स्व. रामकेवल गुप्ता) और उसके पुत्र आयुष गुप्ता (दोनों निवासी बलरामपुर) को हिरासत में ले लिया।

विभाग ने आरोपितों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22044/11 पंजीबद्ध किया है। यह कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 व 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत की गई है। इसके उपरांत दोनों को रामानुजगंज स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल दाखिल कराया गया।

यह पूरी कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मौके पर प्रभारी वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना, वनपाल प्रहलाद तिवारी, रामकुमार यादव, वनरक्षक रामलगन यादव, अजीत कुजूर, शिवशंकर सिंह, प्रवीण बेक, राजेश राम, संजीव सिंह तथा बलरामपुर पुलिस की टीम सक्रिय रही। विभाग अब लकड़ी की कटाई के मूल स्रोत और तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *