Local NewsBalrampurChhattisgarhCrime & LawRamanujganj

बलरामपुर PDS दुकान में कंकड़-पत्थर मिला चावल बांटने पर बवाल: ग्रामीणों का लेने से इंकार, खाद्य मंत्री से शिकायत के बाद वापस होगा खाद्यान्न

बलरामपुर। जिले के बलरामपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खड़ियाडामर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत घटिया किस्म का चावल बांटे जाने का मामला सामने आया है। राशन में अत्यधिक कंकड़-पत्थर पाए जाने पर ग्रामीणों ने जमकर नाराजगी जताई और चावल लेने से इंकार कर दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद खाद्य मंत्री दयालदास बघेल से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। खाद्य मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।

दीप राइस मिल से हुई थी आपूर्ति

जानकारी के मुताबिक, खड़ियाडामर राशन दुकान से कुल 502 कार्डधारियों (हितग्राहियों) को चावल वितरित किया जाना था। ग्रामीणों का आरोप है कि जो चावल दुकान में भेजा गया है, वह खाने योग्य नहीं है। बताया जा रहा है कि इस अमानक चावल की सप्लाई बलरामपुर स्थित दीप राइस मिल से की गई थी।

खाद्य विभाग ने माना अमानक, वापस भेजा जाएगा चावल

शिकायत के बाद खाद्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्टॉक का निरीक्षण किया। चावल की खराब गुणवत्ता को देखते हुए अधिकारियों ने अमानक लॉट को वापस मंगाने की बात कही है। हालांकि, राइस मिल से आपूर्ति के दौरान गुणवत्ता जांच (Quality Check) में यह चूक कैसे हुई, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।

गरीब परिवारों को मिलने वाले खाद्यान्न में इस तरह की लापरवाही ने PDS की पूरी सप्लाई चैन और सैंपलिंग प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषी राइस मिलर और संबंधित अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *