Local NewsBalrampurChhattisgarhEducationPoliticsRamanujganj

बलरामपुर: अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए वाड्रफनगर के 25 पटवारियों को शो-कॉज नोटिस जारी, 24 घंटे में मांगा जवाब

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर अनुविभाग में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व कार्य और धान खरीदी की व्यवस्था प्रभावित होने पर एसडीएम (SDM) कार्यालय की ओर से 25 पटवारियों को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी किया गया है। 15 अक्टूबर को जारी इस नोटिस में सभी संबंधित पटवारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

धान खरीदी प्रभावित होने का हवाला

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियां और प्रक्रियाएं चल रही हैं। 13 अक्टूबर से पटवारियों के सामूहिक हड़ताल पर चले जाने के कारण शासकीय कार्य बाधित हो रहा है। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) का उल्लंघन और शासकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ऐप की व्यावहारिक समस्याओं और वेतन विसंगति को लेकर हड़ताल

दूसरी ओर, राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ अपनी विभिन्न सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन पर अड़ा हुआ है। संघ का आरोप है कि फसल भौतिक सत्यापन (PV) ऐप में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किए बिना उन पर दबाव बनाकर काम कराया जा रहा है। इसके अलावा, लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति को दूर करने और पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी की जा रही है।

पटवारियों के हड़ताल पर रहने से राजस्व मामलों के साथ-साथ धान खरीदी के सत्यापन का काम प्रभावित हो रहा है। अब वाड्रफनगर में नोटिस की समयावधि समाप्त होने के बाद प्रशासन द्वारा आगे की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *