Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

बिना दस्तावेजों के धान का परिवहन

राजपुर (8 जनवरी 2026): धान के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान के नेतृत्व में गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धान के परिवहन को रोका गया। इस संयुक्त कार्रवाई में लगभग 350 बोरी धान ज़ब्त किया गया है।

देर रात हुई घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम राजपुर को अवैध धान परिवहन की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। जिसके बाद प्रशासन की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने बीती रात घेराबंदी कर एक आयशर ट्रक को रोका, जिसमें भारी मात्रा में धान लदा हुआ था।

जांच के दौरान जब टीम ने वाहन चालक से धान की खरीदी और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी कागज़ात प्रस्तुत नहीं कर सका। संतोषजनक जवाब और वैध साक्ष्य नहीं मिलने पर टीम ने धान को अवैध मानते हुए ज़ब्त करने की प्रक्रिया शुरू की।

कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत केस दर्ज
प्रशासनिक टीम ने ट्रक में लदे लगभग 350 बोरी धान को ज़ब्त कर लिया है। इस मामले में कृषि उपज मंडी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान राजपुर तहसीलदार नरेंद्र कंवर सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

एसडीएम की चेतावनी
एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में धान का अवैध संग्रहण या परिवहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों और संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आने वाले दिनों में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *