RamanujganjBalrampurChhattisgarhLocal News

रामानुजगंज: ज्ञान उत्सव 2026 की तैयारियां जोरों पर, गांव-गांव गूंज रहा आमंत्रण​12 से 16 फरवरी तक सजेगी

रामानुजगंज। ज्ञानयज्ञ परिवार की ओर से आयोजित होने वाले वार्षिक ‘ज्ञान उत्सव 2026’ को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा उत्सव का प्रचार-प्रसार और आमंत्रण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। रामानुजगंज शहर के अलावा जिले के दूरदराज के गांवों में भी नागरिकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस भव्य आयोजन के साक्षी बन सकें।
​आचार्य बलदेव कृष्ण शास्त्री सुनाएंगे भागवत चरितामृत
आयोजन समिति ने बताया कि इस पांच दिवसीय समारोह में प्रख्यात कथा वाचक संत विजय कौशल जी महाराज के कृपा पात्र शिष्य, आचार्य बलदेव कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से ‘भागवत चरितामृत कथा’ का वाचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, वेदांत दर्शन, विचार मंथन और ज्ञान कथा के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को अध्यात्म का मर्म समझाया जाएगा। इस अवसर पर स्वामी डॉ. त्यागमूर्ति जी सहित कई अन्य प्रबुद्ध वर्ग और बुद्धिजीवी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे और अपने अनुभवों की ‘ज्ञानगंगा’ साझा करेंगे।
​ज्ञान केंद्रों और संविधान सभा पर होगा गंभीर मंथन
यह उत्सव केवल धार्मिक नहीं, बल्कि एक वैचारिक महाकुंभ भी होगा। देश भर में ग्रामीण और वार्ड स्तर पर ‘ज्ञान केंद्रों’ की स्थापना, उनके नियमन और सक्रियता पर विशेष विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही, संवैधानिक विषयों पर चिंतन के लिए ‘संविधान सभा’ नामक इकाई की रचना और संचालन व्यवस्था पर चर्चा होगी। इसी क्रम में संविधान सभा की दूसरी भौतिक बैठक भी संपन्न की जाएगी।
​बजरंग मुनि जी की 70वीं वैवाहिक वर्षगांठ का विशेष समारोह
उत्सव के दौरान एक अत्यंत भावुक और प्रेरक क्षण भी आएगा, जब आदर्श परिवार व्यवस्था के मूर्तिमान उदाहरण, आदरणीय बजरंग मुनि जी की 70वीं वैवाहिक वर्षगांठ का विशेष समारोह मनाया जाएगा। यह आयोजन समाज को पारिवारिक मूल्यों और सुदृढ़ दांपत्य जीवन का संदेश देगा।
​12 से 16 फरवरी तक चलेगा महाधिवेशन
सामाजिक जागरण और भविष्य की दिशा तय करने वाला यह पांच दिवसीय शिविर 12 फरवरी से शुरू होकर 16 फरवरी 2026 तक चलेगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं और नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर समाज और देश की समृद्धि में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *