BREAKING: रामानुजगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, पलटन घाट मोड़ पर पांच लोग घायल
रामानुजगंज। ज्ञानतत्व दैनिक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रामानुजगंज के पलटन घाट स्थित खतरनाक मोड़ पर गुरुवार सुबह एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने से आ रही दो कारों की तेज टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक पत्रकार नवीन तिवारी अपनी पत्नी मधु तिवारी के साथ बनारस से उपचार कराकर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से वाड्रफनगर की ओर जा रही कार में सेजल तिवारी, उनकी बहन दीक्षा, एक चार वर्षीय बालक तथा प्रयागराज निवासी प्रवीण पांडे और शिव शक्ति सवार थे। पलटन घाट के तीखे और संकरे मोड़ पर दोनों वाहन अचानक आमने-सामने आ गए, जिससे टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पलटन घाट का यह मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। यहां पूर्व में भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके अब तक सड़क को सुरक्षित बनाने या मोड़ में सुधार को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


