बलरामपुर: गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बिना नंबर की बाइक पर घूम रहा तस्कर गिरफ्तार
राजपुर/बरियों: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की राजपुर पुलिस और बरियों चौकी की टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर सूरजपुर जिले के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो ग्राहक की तलाश में ग्राम बधीमा के पास मंडरा रहा था।
गलत नाम बताकर पुलिस को छकाने की कोशिश
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की होंडा शाइन बाइक से अवैध गांजा बेचने के लिए बरियों और राजपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही सायबर सेल और राजपुर पुलिस ने जाल बिछाया। ग्राम बधीमा में जब संदिग्ध को रोका गया, तो उसने पहले अपनी पहचान छिपाने के लिए पुलिस को गुमराह किया और अपना नाम ‘उमेश यादव’ बताया। हालांकि, पुलिस की सख्ती के बाद उसने अपना असली नाम उमेश कुमार गुप्ता (पिता भोला प्रसाद गुप्ता, निवासी ग्राम कोटिया, सूरजपुर) स्वीकार किया।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से एक चैन वाला बैग मिला, जिसमें 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। खास बात यह है कि आरोपी अपने साथ एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी रखे हुए था ताकि मौके पर ही तौल कर गांजा बेचा जा सके।
पुलिस ने निम्नलिखित सामग्रियां जप्त की हैं:
गांजा: 1.10 किलोग्राम (कीमत ₹12,000)
नकदी: ₹22,000 नगद
वाहन: सलेटी रंग की होंडा शाइन (बिना नंबर)
अन्य: एक ओप्पो मोबाइल और तौल तराजू।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी राजपुर और चौकी प्रभारी बरियों की टीम ने अंजाम दिया। टीम में उप निरीक्षक सबल सिंह, प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव, आरक्षक विजय गुप्ता, रुपेश गुप्ता, शंकर दयाल, अजय टोप्पो और सुबोध सक्रिय रहे। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

