अटल चौक पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई और मदन मोहन मालवीय की जयंती, सुशासन दिवस के रूप में आयोजन
रामानुजगंज नगर के वार्ड नंबर 2 स्थित अटल चौक पर स्थापित भारत के प्रथम आदमकद धातु की प्रतिमा पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई और महान शिक्षाविद् मदन मोहन मालवीय की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। शासकीय रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के प्रथम नागरिक नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, नगर पालिका के निर्वाचित पार्षदों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष और प्रबुद्धजनों द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जीवन, उनके सशक्त नेतृत्व और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। पोखरण परमाणु परीक्षण सहित कई ऐसे ऐतिहासिक निर्णयों पर प्रकाश डाला गया, जिन्हें देश की संप्रभुता और आत्मविश्वास के लिए मील का पत्थर माना जाता है।
सुशासन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 24 पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यादेश भी सार्वजनिक रूप से वितरित किए गए। इस वितरण में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लाभार्थियों को शामिल किया गया।
नगर विकास से जुड़े विषयों पर बोलते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि वर्ष 2026 तक नगर के समस्त स्वीकृत विकास कार्य पूर्ण कराए जाएंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर भाजपा जिला इकाई के कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, वरिष्ठ पदाधिकारी शैलेश कुमार गुप्ता, रामकृष्ण पटेल, विमलेश सिन्हा, सुभाष केसरी, श्रीमती शर्मिष्ठा गुप्ता, अरुण केसरी सहित दर्जनों कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

