Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

​रामानुजगंज: बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस की कार्रवाई, साउंड सिस्टम जब्त; संचालक पर मामला दर्ज

रामानुजगंज/बलरामपुर। रामानुजगंज पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए तेज आवाज में डीजे बजाने पर एक संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से डीजे साउंड सिस्टम को भी जब्त कर लिया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज नगर में बिना किसी वैध अनुमति के एक जुलूस निकाला जा रहा था। इस दौरान अमानक स्तर के ध्वनि विस्तारक यंत्र (डीजे) का उपयोग अत्यंत तेज आवाज में किया जा रहा था। सूचना मिलते ही रामानुजगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
​पुलिस ने कोलाहल अधिनियम की धारा 15 के तहत कार्रवाई करते हुए डीजे साउंड सिस्टम को जब्त कर लिया है। इस मामले में डीजे संचालक किरण मंडल (पिता कार्तिक मंडल), निवासी ग्राम आरगाही, थाना रामानुजगंज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
​परीक्षाओं को देखते हुए पुलिस की अपील
कार्रवाई के साथ ही रामानुजगंज पुलिस ने आम जनता से एक विशेष अपील भी की है। पुलिस ने कहा है कि फरवरी और मार्च का महीना स्कूल और कॉलेज की परीक्षाओं का समय होता है। इसे ध्यान में रखते हुए, किसी भी कार्यक्रम में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले अमानक स्तर के ध्वनि विस्तारक यंत्रों या डीजे का उपयोग न करें, ताकि छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *