Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

शराब के नशे में स्कूल में हंगामा और शिक्षकों को दी धमकी, पुलिस से भी उलझे; एसडीएम ने दोनों युवकों को भेजा जेल​

कुसमी/चांदो: विकासखंड कुसमी के अंतर्गत तहसील चांदो के ग्राम नवाडीहकला में स्कूल परिसर में शराब के नशे में हंगामा करना और शिक्षकों को धमकी देना दो युवकों को भारी पड़ गया। शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
​क्या है पूरा मामला?
अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कुसमी, करुण डहरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना शासकीय प्राथमिक शाला बरवाडीह की है। ग्राम डूमरखोरका निवासी विकास पैकरा (19 वर्ष) और संजय कोरवा (19 वर्ष) शराब के नशे में स्कूल के सामने पहुंचे। वहां उन्होंने शोर-शराबा शुरू कर दिया और स्कूल के शिक्षकों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें मारपीट की धमकी देने लगे।
​थाने में भी किया हंगामा
शिक्षकों द्वारा मामले की शिकायत थाना चांदो में दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया। पूछताछ के दौरान दोनों युवक आक्रोशित हो गए और वहां मौजूद शिकायतकर्ताओं व पुलिसकर्मियों से ही वाद-विवाद करने लगे।
​प्रतिबंधात्मक कार्यवाही और जेल
आरोपियों के आक्रामक रवैये और विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत इस्तगासा तैयार कर उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी कुसमी के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की और उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *