Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

शिक्षा विभाग में नियुक्तियों की सौगात: डीईओ मनी राम यादव ने जारी किए सहायक शिक्षकों के नियुक्ति आदेश

उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में दो अभ्यर्थियों को मिली सशर्त नियुक्ति, ग्रामीण स्कूलों को मिलेंगे नए शिक्षक

बलरामपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनी राम यादव द्वारा सहायक शिक्षक के पदों पर नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। यह नियुक्तियाँ छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित सीधी भर्ती-2023 प्रक्रिया के तहत तथा माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती-2023 के पांचवें चरण में शामिल अभ्यर्थियों द्वारा माननीय उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ में अवमानना प्रकरण दायर किया गया था। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय ने आदेश दिया कि उपलब्ध रिक्त पदों को देखते हुए पात्र अभ्यर्थियों को सशर्त नियुक्ति आदेश जारी किए जा सकते हैं। इसी निर्देश के क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी ने अभ्यर्थियों को पदस्थापना दी है।

इन अभ्यर्थियों को मिली पदस्थापना

जारी आदेश के अनुसार, राजकुमार यादव (पिता नवल सिंह यादव, निवासी ग्राम कुरवार, बिलासपुर) को विकासखंड बलरामपुर के प्राथमिक शाला बरदर में पदस्थ किया गया है। वहीं, प्रभा देवी पैंकरा (पति कैलाश चंद्र पैंकरा, निवासी ग्राम लटोरी, सूरजपुर) को विकासखंड राजपुर के प्राथमिक शाला कोरवापारा (मदनेश्वरपुर) में सहायक शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।

30 मार्च तक कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य

जिला शिक्षा अधिकारी मनी राम यादव ने बताया कि ये नियुक्तियाँ माननीय उच्च न्यायालय में लंबित याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन सशर्त रूप से की गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 30 मार्च 2026 तक संबंधित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समय सीमा में उपस्थिति न देने पर नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।

नियम एवं शर्तें

नवनियुक्त शिक्षकों को सातवें वेतनमान के लेवल-06 पर तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि (Probation Period) के लिए नियुक्त किया गया है। इस दौरान उनके कार्य का मूल्यांकन किया जाएगा। कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र तथा मेडिकल बोर्ड से स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हमारी प्राथमिकता: डीईओ

डीईओ मनी राम यादव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। नई नियुक्तियों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। उन्होंने संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को निर्देशित किया है कि मूल दस्तावेजों के पूर्ण सत्यापन के बाद ही उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *