RamanujganjBalrampurChhattisgarhLocal News

बलरामपुर : ‘मां संस्थान’ के राष्ट्रीय अधिवेशन में समाज चिंतक के रूप में सम्मानित हिमांशी गुप्ता ने UGC NET में 97.7% अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

बलरामपुर, 05 फ़रवरी। रामानुजगंज की होनहार छात्रा हिमांशी गुप्ता ने UGC NET परीक्षा में 97.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। पिछड़े वर्ग से आने वाली हिमांशी ने जनरल कटऑफ को भी पार करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वार्ड क्रमांक 15 निवासी ज्योति गुप्ता और सुनील गुप्ता की पुत्री हिमांशी की इस सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि छोटे नगरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

हिमांशी इससे पहले भी अपनी बौद्धिक क्षमता और सामाजिक सक्रियता के कारण चर्चा में रही हैं। मार्च के अंतिम सप्ताह में दिल्ली में आयोजित ‘मां संस्थान’ के राष्ट्रीय अधिवेशन में, जहां देशभर के प्रतिष्ठित विद्वान उपस्थित थे, उन्हें “समाज चिंतक” के रूप में सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उनकी तार्किक सोच, सामाजिक समझ और वैचारिक स्पष्टता के लिए प्रदान किया गया।

हिमांशी ने लिटिल फ्लावर हाई स्कूल में वर्षभर “तार्किक समाज शिक्षा” का प्रभावी संचालन किया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में सामाजिक विषयों को समझने की एक नई दृष्टि विकसित हुई। संवाद, विश्लेषण और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को बालकों में विकसित करने के उनके प्रयासों को संस्थान ने सराहा।

शिक्षकों के अनुसार हिमांशी ने अकादमिक उपलब्धियों के साथ-साथ सामाजिक चेतना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और समाज के प्रति संवेदनशीलता में सकारात्मक परिवर्तन देखा गया।

UGC NET में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के कारण हिमांशी गुप्ता आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार और संस्थान के साथियों ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *