Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

कुसमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से हो रही बैल तस्करी का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

कुसमी/बलरामपुर | बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना कुसमी के अंतर्गत पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। रात के अंधेरे में स्कॉर्पियो वाहन के जरिए वध हेतु झारखंड ले जाए जा रहे 6 बैलों को पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रियता से बरामद किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।

मवेशियों को बांधकर स्कॉर्पियो में ठूंसा था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवाडिहा निवासी मुकेश कुमार को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर वध के लिए बूचड़खाना ले जाया जा रहा है। सूचना पर प्रार्थी ने अपने साथियों के साथ बकाईन टोली रोड पर घेराबंदी की। रात करीब 1:00 बजे जब स्कॉर्पियो (क्रमांक JH 01 AA 0959) वहां पहुंची, तो ग्रामीणों को देखकर आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे।

दौड़ने के दौरान एक आरोपी संजीव घासी पिता रमेश घासी (निवासी खिखिरपारा, कुसमी) अंधेरे में गिर गया, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर 6 नग बैल मिले, जिनके पैर और मुंह बेहद क्रूरता से बंधे हुए थे।

झारखंड ले जाने की थी योजना
पूछताछ में पता चला कि आरोपी इन मवेशियों को तस्करी कर झारखंड ले जा रहे थे। मौके से फरार होने वाले आरोपियों में ताहिर अंसारी (निवासी नवडीहा) और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल है। ग्रामीण पकड़े गए आरोपी और मवेशियों को लेकर थाना कुसमी पहुंचे, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कुसमी पुलिस ने अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 (घ) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

थाना प्रभारी का वक्तव्य: “आरोपी संजीव घासी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय राजपुर में पेश किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *