RamanujganjBalrampurChhattisgarhLocal News

डिंडो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भोर में दबिश देकर 15 मवेशियों को कराया मुक्त, 4 पशु तस्कर गिरफ्तार

वाड्रफनगर (डिंडो): छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर सक्रिय पशु तस्करों के विरुद्ध बलरामपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता अर्जित की है। बुधवार, 10 फरवरी 2026 की तड़के सुबह डिंडो चौकी पुलिस ने क्रूरतापूर्वक झारखंड ले जाए जा रहे 15 मवेशियों को मुक्त कराते हुए 4 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

भोर में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, डिंडो चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे को सुबह करीब 4:30 बजे मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कुछ लोग वाड्रफनगर की ओर से डिंडो होते हुए अवैध रूप से मवेशियों को लेकर झारखंड की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तत्काल डिंडो तिराहा पहुंची और नाकेबंदी कर दी।

क्रूरता की हदें पार: लाठियों से पीटते ले जा रहे थे मवेशी

पुलिस ने देखा कि चार व्यक्ति 15 मवेशियों (बैल, गाय और बछड़े) को अत्यंत निर्दयतापूर्वक पीटते हुए हांक रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोककर मवेशियों के खरीद-बिक्री या परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। स्थानीय पूछताछ और तस्दीक में यह बात सामने आई कि ये आरोपी आसपास के गांवों से मवेशी एकत्र कर उन्हें झारखंड के बाजारों में बेचते हैं, जहां से इन्हें अवैध रूप से बूचड़खानों में भेज दिया जाता है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्नानुसार हुई है:

  1. घीरसाय (55 वर्ष), निवासी: ग्राम कोटराही
  2. राज रूप, निवासी: ग्राम कोटराही
  3. राम प्रसाद, निवासी: ग्राम बरवाही चितमहुराव
  4. निरपत, निवासी: ग्राम बरवाही चितमहुराव

दर्ज हुई कड़ी धाराएं

पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)घ के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में शामिल टीम

इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे के साथ प्रधान आरक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षक शिव भजन पोर्ते, शिवनारायण सिंह, नंदलाल गोस्वामी, राम पुकार और तेजू राम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *