Chhattisgarh

मैनपाट के जंगल में शिकार के लिए बिछाया था करंट का जाल, चपेट में आने से ग्रामीण की मौत; 6 गिरफ्तार

अंबिकापुर (हि.स.)। सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र में जंगली जानवरों के अवैध शिकार के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद हरकत में आए वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस मामले में लिप्त छह ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है मामला? मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मैनपाट स्थित मूसाखोल नर्सरी की है। मंगलवार की रात मुर्ताडांड निवासी मिसरा यादव (37) अपने साले और दो अन्य साथियों के साथ जंगल में लकड़ी लेने गया था। रात करीब 10 बजे वह शिकारियों द्वारा बिछाए गए 11 केवी विद्युत लाइन से जुड़े नंगे तार की चपेट में आ गया। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में उसका साला भी झुलस गया, लेकिन उसकी जान बच गई। इस घटना में एक सियार की भी मौत हुई है।

शिकार के लिए 1300 मीटर लंबा तार इस्तेमाल किया गया घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में खुलासा हुआ कि कुछ ग्रामीणों द्वारा कई दिनों से जंगल में करंट फैलाकर अवैध शिकार किया जा रहा था। तलाशी के दौरान मौके से लगभग 1300 मीटर लंबा जीआई (GI) तार बरामद किया गया, जिसे पास की 11 केवी विद्युत लाइन से जोड़ा गया था।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और कमलेश्वरपुर पुलिस ने जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आज गुरुवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जाहूर साय (70), जयपाल साय (45), निर्मल कुजूर (65), घुर साय (38), विश्वनाथ माझी (46) और श्यामसुंदर कुजूर (25) शामिल हैं।

कानूनी कार्रवाई आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, कमलेश्वरपुर पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या (कलपेबल होमीसाइड) का प्रकरण भी दर्ज किया है। सभी छह आरोपियों को आज गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जंगलों में सुरक्षा पर उठे सवाल यह घटना इस बात का प्रमाण है कि जंगलों में अवैध शिकार के तरीके कितने खतरनाक होते जा रहे हैं। करंट का यह जाल न केवल वन्यजीवों के लिए, बल्कि आम ग्रामीणों और लकड़ी बीनने जाने वाले लोगों के लिए भी काल का ग्रास बन रहा है। प्रशासन ने अब ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के संकेत दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *