दुपहिया पर ट्रिपल लोडिंग और नशे में ड्राइविंग से बचने की अपील; पुलिस ने बांटे सुरक्षा पैंपलेट
बलरामपुर-रामानुजगंज | जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम जनमानस को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत आज जिला मुख्यालय में एक विशाल “यातायात जागरूकता रैली” का सफल आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के कुशल निर्देशन में आयोजित इस अभियान में स्कूली बच्चों ने पूरे शहर को सुरक्षा का संदेश दिया।
पुलिस लाइन से श्रीराम चौक तक निकली ‘जन-जागरूकता’ की गूंज
रैली का शुभारंभ यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली मुख्य मार्गों से होते हुए चांदो चौक, श्रीराम चौक और फिर वापस पुलिस लाइन तक पहुंची। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर लगभग 320 छात्र-छात्राओं ने गगनभेदी नारों के साथ लोगों का ध्यान सड़क सुरक्षा की ओर आकर्षित किया।
नियमों का पाठ: “नशा, नींद और तेज रफ्तार, हादसे के तीन आधार”
यातायात प्रभारी और उनकी टीम ने रैली के दौरान पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को रोककर यातायात पैंपलेट बांटे। पुलिस टीम ने विशेष रूप से इन बिंदुओं पर जोर दिया:
हेलमेट और सीट बेल्ट: जीवन की सुरक्षा के लिए इनका प्रयोग अनिवार्य है।
ट्रिपल सवारी पर रोक: दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाना कानूनी अपराध और जानलेवा है।
नशा और ड्राइविंग: शराब पीकर वाहन चलाना खुद और दूसरों के लिए काल के समान है।
नाबालिगों पर सख्ती: माता-पिता को समझाइश दी गई कि किसी भी हाल में नाबालिग बच्चों को गाड़ी न सौंपें।
दस्तावेज: वाहन चलाते समय लाइसेंस और आवश्यक कागजात हमेशा साथ रखें।
आयोजन में इनकी रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन, सउनि जबलून कुजूर, प्र.आर. चा. 08 अमित मिंज सहित यातायात की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रैली में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र, उनके अध्यापक और शहर के प्रबुद्ध नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

