Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

शीर्षक: गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में आपत्तिजनक गीत, प्रभारी प्राचार्य पर गिरी निलंबन की गाज

बलरामपुर-रामानुजगंज। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित विद्यालयीन कार्यक्रम में आपत्तिजनक गीत बजाए जाने और विद्यार्थियों से नृत्य कराए जाने के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सरगुजा संभाग के आयुक्त ने पीएमश्री सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर के प्रभारी प्राचार्य बसंत गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

12 फरवरी 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व के दौरान विद्यालय परिसर में भोजपुरी भाषा के अशोभनीय गीत चलाए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों सहित अन्य लोगों से नृत्य भी कराया गया, जिससे गणतंत्र दिवस की गरिमा पर आंच आई और शासकीय विद्यालय की छवि प्रभावित हुई।

प्राथमिक जांच में प्रभारी प्राचार्य की भूमिका को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई। आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि संबंधित आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत है।

इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान बसंत गुप्ता का मुख्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय पर्वों की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *