BalrampurChhattisgarhEducationRamanujganj

छात्र संसद की सत्रांत बैठक सम्पन्न, वर्षभर की गतिविधियों की हुई समीक्षा

रामानुजगंज। दिनांक 6 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे लिटिल फ्लावर हाई स्कूल में छात्र संसद के मंत्रिमंडल की सत्रांत बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूरे वर्ष संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में दसवीं कक्षा की छात्र संसद की प्रधानमंत्री बहन खुशबू कुशवाहा ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में निर्धारित शैक्षणिक योजना के अनुसार जनवरी माह में ही संपूर्ण पाठ्यक्रम पूर्ण कर लिया गया था, जबकि फरवरी और मार्च माह को परीक्षा तैयारी एवं परीक्षा हेतु नियत किया गया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने कोर्स का पुनरावलोकन कर सफलतापूर्वक परीक्षाएँ दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह उनके लिए पहला अवसर था जब उन्हें प्रधानमंत्री का दायित्व मिला। उनका उद्देश्य विद्यालय में सार्थक भूमिका निभाना था, जिसे उन्होंने अपने मंत्रिमंडल के सहयोग से पूरा करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि वर्षभर विद्यार्थियों के बीच पढ़ाई का वातावरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता, अनुशासन, खेल गतिविधियाँ तथा सामाजिक विषयों पर तार्किक विचार-मंथन की कक्षाओं को बढ़ावा दिया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अपने विदाई संबोधन में प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से विद्यालय की साज-सज्जा एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का अनुरोध किया। उनके संबोधन पर मंत्रिमंडल के सदस्यों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया तथा सभी मंत्रियों ने अपने-अपने वार्षिक कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सभापति के रूप में प्रधानाचार्य, प्रबंध समिति के संसद स्थायी प्रतिनिधि रवि रंजन पाल, उप प्रबंधक अजय कुमार गुप्ता, तथा ज्ञान यज्ञ परिवार की ओर से ज्ञानेंद्र आर्य उपस्थित रहे।

ज्ञानेंद्र आर्य ने छात्र संसद की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल ने विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति गंभीरता, बौद्धिक विकास और नेतृत्व क्षमता को सशक्त किया है। वहीं उप प्रबंधक अजय कुमार गुप्ता ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि लिटिल फ्लावर हाई स्कूल का उद्देश्य कभी लाभ कमाना नहीं रहा, बल्कि न्यूनतम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में आज भी शुल्क उसी स्तर पर रखा गया है जिससे विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से हो सके, और नगर में सबसे सुलभ शुल्क के साथ बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

सभापति एवं प्रधानाचार्य अशोक गुप्ता ने आगामी सत्र में जुलाई के अंतिम सप्ताह में पुनः छात्र संसद के गठन का आश्वासन दिया। साथ ही मंत्रिमंडल द्वारा की गई अतिरिक्त कक्षाओं की मांग पर विशेष शिक्षकों को आमंत्रित करने की बात भी कही।

इसी क्रम में आदरणीय सभापति जी ने दिनांक 30 अप्रैल को आयोजित होने वाले अंक पत्र वितरण समारोह में प्रबंध समिति, छात्र संसद की प्रधानमंत्री बहन तथा सभी अभिभावकों को ससम्मान उपस्थित होने का आमंत्रण भी दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन तथा छात्र संसद के प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *