Local NewsBalrampurChhattisgarhRamanujganj

बलरामपुर विकासखंड में संघ शताब्दी वर्ष का प्रथम युवा सम्मेलन संपन्न

बलरामपुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तय सात सूत्रीय कार्यक्रमों के अंतर्गत बलरामपुर विकासखंड में 23 जनवरी 2026 को युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन खंड स्तर पर जिले में आयोजित होने वाले युवा सम्मेलनों की श्रृंखला का पहला कार्यक्रम रहा।

संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर कुल सात कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं, जिनमें विजयदशमी उत्सव, गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, सामाजिक सद्भावना कार्यक्रम, प्रबुद्धजन गोष्ठी तथा संघ शाखा शामिल हैं। इनमें से विजयदशमी उत्सव, गृह संपर्क अभियान और हिंदू सम्मेलन पूर्व में रामानुजगंज एवं बलरामपुर जिले में मंडल व खंड स्तर पर सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं।

युवा सम्मेलन में संघ के पूर्व प्रांत प्रचारक एवं वर्तमान में अखिल भारतीय सह वैदिक प्रमुख आदरणीय दीपक विष्युते जी की प्रमुख उपस्थिति रही। अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका और स्वयंसेवकों के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का भी सहज और स्पष्ट रूप से उत्तर दिया।

कार्यक्रम में विभाग संघ चालक जगजीत सिंह जी, कार्यक्रम अध्यक्ष शशांक गुप्ता, सिविल सर्जन बलरामपुर-रामानुजगंज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के महाविद्यालयीन युवक-युवतियां, कृषक, शिक्षक और व्यवसायी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा और सामाजिक दायित्व के प्रति युवाओं को जागरूक करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *