ट्रक-बड़ा हाइवा की भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग, बड़ा हाइवा चालक की जलकर मौत
बलरामपुर। जिले के महुली गांव के पास शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। क्लिंकर से लदे एक बड़े हाइवा और चावल से भरे ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत के बाद हाइवा के केबिन में आग लग गई। इस हादसे में हाइवा चालक केबिन के भीतर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार बनी काल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक ट्रक राइस मिल से चावल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। ट्रक को विजयनगर निवासी संतोष गुप्ता (44 वर्ष) चला रहे थे। इसी दौरान महुली के समीप सामने से आ रहे क्लिंकर से भरे एक तेज रफ्तार हाइवा से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते हाइवा के केबिन में भीषण आग भड़क उठी।
केबिन में फंसा रहा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि हाइवा चालक अरबाज (28 वर्ष) को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। धुएं और आग की विकराल लपटों के कारण वह केबिन के भीतर ही फंसा रह गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों की तत्परता से बची एक जान

दूसरी ओर, ट्रक चालक संतोष गुप्ता भी केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का शीशा तोड़ा और संतोष को सुरक्षित बाहर निकाला। इस भिड़ंत में संतोष का पैर टूट गया है और पसलियों में भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका उपचार संजीवनी हॉस्पिटल में जारी है।
पुलिस और दमकल की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया गया। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
