बजरंग मुनि जी के समाज सापेक्ष जीवन से सीख लेनी चाहिए: दिवाकर मुखर्जी
तातापानी (छत्तीसगढ़): स्थानीय तातापानी मंदिर प्रांगण में गुरुवार (8 जनवरी 2026) को ज्ञान यज्ञ परिवार के ज्ञान केंद्र उप मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में तातापानी उप मंडल के अंतर्गत आने वाले नवाडीह, तेतरडीह, कंदुररवाड़, लूरगुरठा, दामोदरपुर, सेंदुर, धनगांव, विश्रामनगर, रजबंधा और धनेशपुर ज्ञान केंद्रों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हिस्सा लिया।
आदर्श समाज निर्माण पर जोर बैठक की अध्यक्षता कर रहे पृथिश राय ने आदर्श परिवार एवं सभ्य समाज के निर्माण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ज्ञान केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि ये केंद्र न केवल शिक्षा बल्कि परिवार और समाज को नई दिशा और संस्कार देने का कार्य कर रही हैं।
रामानुजगंज में होगा भव्य ‘ज्ञानोत्सव’ बैठक का मुख्य आकर्षण आगामी ‘ज्ञानोत्सव 2026’ रहा, जिसका आयोजन 12 फरवरी से 16 फरवरी तक रामानुजगंज में किया जाना तय हुआ है। उप मंडल प्रमुख (जामवंतपुर) और मुख्य अतिथि कृष्ण मुरारी जायसवाल ने बताया कि इस पांच दिवसीय उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। उन्होंने श्री बजरंग मुनि जी के सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
मुनि जी के जीवन से लें प्रेरणा धनगांव के वरिष्ठ समाजसेवी दिवाकर मुखर्जी ने बजरंग मुनि जी की निस्वार्थ समाजसेवा की सराहना की। उन्होंने कहा, “मुनि जी का जीवन समाजनिष्ठ वैचारिकी का प्रतीक है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज हित के कार्यों में तन, मन और धन से समर्पित होना चाहिए।” बैठक में ‘ज्ञान तत्व दैनिक’ और ‘ज्ञान तत्व पाक्षिक’ पत्रिकाओं के प्रसार पर भी विमर्श हुआ।
इनकी रही उपस्थिति कार्यक्रम का कुशल संचालन संजय तिवारी ने किया। इस अवसर पर कमलेश प्रजापति, हरिप्रसाद, रमाशंकर रजक, प्रताप गुप्ता, जगबंधन सिंह, रामराज साहू, जोगिंदर सिंह, संत कुमार सिंह, प्रथम मलिक, सीताराम गुप्ता, रॉबिन विश्वास सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध जन और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

