BalrampurChhattisgarhRamanujganj

बलरामपुर में बदला मौसम का मिजाज: बादल, बूंदाबांदी और ठंड ने बढ़ाई किसानों की चिंता

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद आज सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

बलरामपुर जिले में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। बीते दो-तीन दिनों पहले हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के बाद आज सुबह से ही आसमान बादलों से ढका हुआ है। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हो रही है, जिससे पूरे इलाके में ठंड का असर फिर से महसूस किया जा रहा है। खासकर शाम के समय ठंड और बढ़ जा रही है, जिसके चलते लोगों को दोबारा ऊनी कपड़े निकालने पड़ रहे हैं।

मौसम में आए इस अचानक बदलाव का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। जिले में इस समय गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार होकर कटाई के कगार पर है। ऐसे में बेमौसम बारिश किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। लगातार नमी और बारिश की स्थिति बनी रही तो फसल के खराब होने का खतरा बढ़ जाएगा, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

किसानों के बीच इस स्थिति को लेकर चिंता का माहौल है। वे लगातार मौसम साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि समय पर फसल की कटाई की जा सके। फिलहाल, आसमान में छाए बादल और जारी बूंदाबांदी ने उनकी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

मौसम विभाग की ओर से फिलहाल स्पष्ट पूर्वानुमान नहीं मिलने के कारण किसान स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित नुकसान से बचने के लिए सतर्क हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *