Uncategorized

रामानुजगंज की जनता ने ऐसे किया नए वर्ष 2026 का स्वागत

रामानुजगंज।
1 जनवरी 2026 को रामानुजगंज की सुबह श्रद्धा, उत्साह और पारिवारिक उल्लास के साथ शुरू हुई। नए वर्ष के पहले दिन प्रातः काल से ही नगर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।

नगर के बीचों-बीच स्थित हनुमानगढ़ में हनुमान मंडली द्वारा सस्वर बृहद सुंदरकांड पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मंडली के प्रमुख एवं हनुमान मंदिर के पुजिरी धनंजय मिश्र के पौरोहित्य में विधी विधान से पूजा अर्चना की गई। वहीं नगर की अधिष्ठात्री देवी महामाया मंदिर में भी सैकड़ों लोगों ने नए वर्ष की मंगलकामनाओं के साथ पूजा-अर्चना की। पहाड़ी माता मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

नए वर्ष के अवसर पर उत्सवप्रिय जनता ने मंदिर दर्शन के साथ-साथ नगर और आसपास के दर्शनीय स्थलों का भी रुख किया। पलटन घाट, कनहर नदी के एनीकट, वन वाटिका पार्क, तातापानी और अवराझरिया सहित नगर से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित पवई वाटर फॉल में लोगों ने परिवार और मित्रों के साथ समय बिताया।

पुलिस प्रशासन नए वर्ष के स्वागत को शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सभी प्रमुख मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों में हाथियों के उपद्रव की आशंका के चलते इस बार देर शाम तक रुकने वालों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में कम रही।

कुल मिलाकर, रामानुजगंज की जनता ने आस्था, संयम और सामूहिक उल्लास के साथ वर्ष 2026 का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *