रामानुजगंज में रामनवमी की भव्य तैयारी: 150 सदस्यीय बैठक में बनी रूपरेखा, 27 मार्च को निकलेगी 20 भव्य झांकियां
रामानुजगंज। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रमन अग्रवाल की अध्यक्षता में आगामी रामनवमी महोत्सव को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर के गणमान्य नागरिकों सहित लगभग 150 लोग उपस्थित रहे। इस दौरान निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रामनवमी का पर्व पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को सुव्यवस्थित करने के लिए उपस्थित सदस्यों के बीच कार्य विभाजन भी किया गया है।

चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का कार्यक्रम
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार, उत्सव का शुभारंभ 24 मार्च (मंगलवार) को राम मंदिर में महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। परंपरा का निर्वहन करते हुए श्रद्धालु अपने घरों से फलाहार प्रसाद लाएंगे।
25 मार्च: थाना के सामने स्थित पूर्व सीआरपीएफ कैंप के माता रानी मंदिर में पूजा-आरती और भंडारा आयोजित होगा।
26 मार्च: पहाड़ी मंदिर में विशेष पूजन के पश्चात प्रातः से दोपहर तक भंडारा चलेगा।
27 मार्च (रामनवमी): सुबह 10 बजे प्राचीन हनुमान मंदिर में शस्त्र पूजा होगी। दोपहर 12:30 बजे राम मंदिर में जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसके बाद 2 बजे तक भंडारा चलेगा।
आकर्षण का केंद्र होगी भव्य शोभायात्रा
रामनवमी के मुख्य दिन, 27 मार्च को शाम 4 बजे बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर (राम दरबार) से भव्य झांकी निकाली जाएगी। नगर के प्रत्येक वार्ड से लगभग 20 झांकियों के शामिल होने की संभावना है। यह शोभायात्रा अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगी। मार्ग में 35 से 40 स्थानों पर नगरवासियों द्वारा स्वागत, आरती, पेयजल और स्वल्पाहार की व्यवस्था की जाएगी।
लाखों के पुरस्कारों की घोषणा
झांकियों के उत्साहवर्धन के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे:
प्रथम पुरस्कार: ₹41,000
द्वितीय पुरस्कार: ₹31,000
तृतीय पुरस्कार: ₹21,000
शेष सभी सहभागी दलों को ₹11,000 का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
नगरवासियों से अपील
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने अपील की है कि चैत्र प्रतिपदा से ही सभी नगरवासी अपने घरों पर धर्म ध्वज लगाएं और सजावट करें। विहिप द्वारा पूरे नगर को तोरण और ध्वजों से सजाया जाएगा। अध्यक्ष ने सभी से त्यौहार को शांति, सावधानी और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आग्रह किया है।
