बलरामपुर: शहीद आरक्षक के परिवार को मिला ₹1 करोड़ का संबल, SBI और पुलिस विभाग की पहल
बलरामपुर-रामानुजगंज: कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ के तहत शहीद आरक्षक स्व. शिवबचन सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती वर्षा रानी सिंह को 1,00,00,000/- रुपये (एक करोड़) का जीवन बीमा लाभ प्रदान किया गया।

क्या था मामला?
ज्ञात हो कि आरक्षक क्रमांक 809, श्री शिवबचन सिंह जिला बलरामपुर के थाना सनावल में पदस्थ थे। 12 मई 2025 की रात्रि करीब 01:30 बजे, वे अवैध रेत तस्करों को रोकने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान झारखंड की ओर से आए रेत माफियाओं ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। स्व. शिवबचन सिंह विभाग में अपनी सरलता, सौम्यता और कर्तव्यपरायणता के लिए जाने जाते थे।
बैंकिंग अधिकारियों ने सौंपा चेक
छत्तीसगढ़ शासन और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच हुए एमओयू (MoU) के तहत इस सहायता राशि का प्रावधान किया गया है। एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक (अंबिकापुर) श्री अविनाश पाणिग्रही और मुख्य प्रबंधक (बलरामपुर) श्री अभय सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिजनों को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर (भापुसे) ने बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा:
“एसबीआई निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना विभाग और बैंक के बीच एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी समझौता है। यह राशि परिवार को न केवल वित्तीय संबल प्रदान करेगी, बल्कि यह विभाग की ओर से अपने जवानों के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक भी है।”
पुलिसकर्मियों से अपील
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने वेतन खातों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ के तहत कराएं।
योजना के प्रमुख लाभ:
- दुर्घटना में मृत्यु: वैध नामांकित व्यक्ति को ₹1 करोड़ का बीमा कवर।
- सामान्य मृत्यु: ₹10 लाख का जीवन बीमा कवर।
