जिला पंचायत सीईओ ने कंचननगर में देखा SHG का कामकाज, महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ अभियान से जुड़ने किया प्रेरित
बलरामपुर / रामचंद्रपुर: जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम कंचननगर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों (SHG) की जमीनी गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समूह की महिलाओं को उन्नत तकनीकों और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कृषि यंत्रीकरण और मचान पद्धति का अवलोकन
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने शक्ति महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती रौशनी के यहाँ उपलब्ध कृषि उपकरणों के संचालन, रखरखाव और साझा उपयोग प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रीकरण से उत्पादन लागत में कमी आती है और मुनाफा बढ़ता है।
इसके बाद उन्होंने जमुना महिला स्वयं सहायता समूह की श्रीमती अनीता मंडल और महा सरस्वती स्वयं सहायता समूह की श्रीमती दीपिका हालदार द्वारा मचान पद्धति से की जा रही सब्जी बीजोत्पादन व सिंचाई व्यवस्था को देखा। सीईओ ने मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और वैज्ञानिक जल प्रबंधन अपनाकर गुणवत्ता सुधारने के सुझाव दिए।

वित्तीय पारदर्शिता और अभिलेख संधारण पर सख्त निर्देश
सीईओ ने समूहों की बचत, ऋण संचालन, गतिविधि पंजी और अन्य वित्तीय अभिलेखों की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी दस्तावेजों का संधारण सुव्यवस्थित और पारदर्शी होना चाहिए। नियमित लेखांकन से समूहों का विश्वास और बैंकिंग साख मजबूत होती है।
‘लखपति दीदी’ बनने का दिया मंत्र
समूह की महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने उन्हें ‘लखपति दीदी’ अभियान से जुड़कर संगठित रूप से आय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने क्लस्टर आधारित विपणन, आकर्षक पैकेजिंग, वैज्ञानिक भंडारण, सीधे बाजार संपर्क (Direct Market Linkage) और शासकीय व बैंकिंग योजनाओं का लाभ उठाकर स्थायी स्वरोजगार विकसित करने का मार्गदर्शन दिया।
