BalrampurChhattisgarhEducationRamanujganjSpecial Reports

रामानुजगंज की बेटी डॉ. शालिनी सिंह ने बढ़ाया मान, एमबीबीएस दीक्षांत समारोह में हुईं सम्मानित

नगर के शिक्षक हकीम सिंह की सुपुत्री ने चिकित्सा के क्षेत्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि, क्षेत्र में हर्ष का माहौल

रामानुजगंज | संवाददाता नगर की होनहार बेटी डॉ. शालिनी सिंह ने चिकित्सा के क्षेत्र में सफलता का परचम लहराते हुए पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। बिलासपुर में आयोजित एमबीबीएस दीक्षांत समारोह के दौरान डॉ. शालिनी को सम्मानित कर उपाधि प्रदान की गई। उनकी इस उपलब्धि से रामानुजगंज सहित जिले भर में खुशी और गर्व की लहर है।

शिक्षक पिता का रहा मार्गदर्शन डॉ. शालिनी सिंह, नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शासकीय शिक्षक हकीम सिंह की ज्येष्ठ पुत्री हैं। शालिनी की इस सफलता के पीछे उनके पिता का अटूट विश्वास और निरंतर प्रेरणा रही है। मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली शालिनी ने अपनी इस उपलब्धि से यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्कूल से बता दें कि डॉ. शालिनी की प्रारंभिक शिक्षा रामानुजगंज में ही संपन्न हुई। बचपन से ही मेधावी छात्रा रहीं शालिनी ने उच्च शिक्षा के लिए बिलासपुर का रुख किया, जहाँ उन्होंने चिकित्सा की पढ़ाई पूरी की। दीक्षांत समारोह में सम्मानित होने की खबर मिलते ही उनके गृहग्राम में परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों द्वारा बधाई देने का तांता लगा हुआ है।

क्षेत्र की छात्राओं के लिए बनीं प्रेरणा डॉ. शालिनी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उनकी इस सफलता पर नगर के गणमान्य नागरिकों और परिजनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *