Local NewsBalrampurRamanujganj

ज्ञान यज्ञ परिवार रामानुजगंज की मासिक बैठक संपन्न, अयोध्या प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों को अंतिम रूप

रामानुजगंज। ज्ञान यज्ञ परिवार रामानुजगंज की मासिक बैठक स्थानीय धर्मशाला सभागार में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 25-26 जुलाई 2026 को अयोध्या धाम में आयोजित होने वाले ज्ञान केंद्र प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न संगठनात्मक निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि रामानुजगंज से एक विशेष बस 24 जुलाई की रात्रि अयोध्या के लिए रवाना होगी। बस की कुल 52 सीटों में से 17 सीटें नगर क्षेत्र के सदस्यों तथा 35 सीटें ग्रामीण अंचलों के ज्ञान केंद्र प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए निर्धारित की गई हैं। बैठक में सभी ज्ञान केंद्रों से समय पर सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

बैठक में मां संस्थान के मार्गदर्शक आदरणीय बजरंग मुनि जी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज की स्वशासी शक्तियों की पुनर्स्थापना और समाज को पुनः सशक्त बनाने के उद्देश्य से जो उपक्रम मां संस्थान और ज्ञान केंद्रों के माध्यम से चलाया जा रहा है, उस स्वरूप का कार्य वर्तमान समय में अन्य किसी संस्था द्वारा नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज को सशक्त बनाने का कार्य तात्कालिक परिणाम देने वाला नहीं होता, बल्कि यह एक सतत एवं दीर्घकालिक प्रक्रिया है। समाज की स्वाभाविक संस्थाओं, पारिवारिक व्यवस्था, सामाजिक सहभागिता और लोकशक्ति के निरंतर सुदृढ़ होने से ही समाज वास्तविक अर्थों में आत्मनिर्भर एवं स्वशासी बनता है। इसलिए इस अभियान में धैर्य, निरंतरता और संगठनात्मक प्रतिबद्धता की आवश्यकता है।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी अयोध्या प्रांतीय अधिवेशन को लोकव्यवस्था जागरण अभियान की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। अधिवेशन में पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के 35 जिलों के ज्ञान केंद्र संचालक, सहयोगी एवं देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसमें ज्ञान केंद्रों के विस्तार, संस्थागत विकास, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान तेज करने तथा निर्धारित समय पर अयोध्या पहुंचकर अधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *