ChhattisgarhBalrampurCrime & LawHealthRamanujganj

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से 2 महिलाओं की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

बलरामपुर-रामानुजगंज: जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। धान की रोपाई कर लौट रही महिला मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा वाहन

घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे की है। ग्राम जारगिम (जुड़वानी) के समीप एक तीव्र मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। पिकअप में करीब 20 से 25 महिला मजदूर सवार थीं, जो खेत में काम खत्म करने के बाद अपने गृह ग्राम परेवा लौट रही थीं। वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों व घायलों की स्थिति

हादसे में ग्राम परेवा की रहने वाली विमला नगेशिया (40 वर्ष) और कामेश्वरी पैकरा (46 वर्ष) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य कई महिलाओं का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शंकरगढ़ में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है।

पुलिसिया कार्रवाई और फरार चालक की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की 108 एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।

शंकरगढ़ थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि: “फरार चालक स्थानीय निवासी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”

नियमों की अनदेखी बनी बड़ी वजह

सरगुजा संभाग में इन दिनों खेती-किसानी का सीजन चरम पर है। ग्रामीण इलाकों में कृषि मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए मालवाहक वाहनों (पिकअप, ट्रैक्टर) का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने और सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी के कारण हर साल इस तरह के जानलेवा हादसे सामने आ रहे हैं, जिस पर कड़े प्रशासनिक नियंत्रण की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *