प्रेस विज्ञप्ति अयोध्या प्रांतीय अधिवेशन 25-26 जुलाई 2026
लोकव्यवस्था जागरण अभियान के अंतर्गत 25-26 जुलाई को अयोध्या में होगा ज्ञान केंद्र प्रांतीय अधिवेशन समाज की स्वशासी शक्ति के जागरण और लोकशक्ति के संगठन पर होगा मंथन

अयोध्या। मां संस्थान एवं ज्ञान यज्ञ परिवार के संयुक्त तत्वावधान में “लोकव्यवस्था जागरण अभियान” के अंतर्गत ज्ञान केंद्र प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन आगामी 25 एवं 26 जुलाई 2026 को विवेक सृष्टि, रामघाट, रामसेवकपुरम, अयोध्या धाम में किया जाएगा। इस अधिवेशन में पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के 35 जिलों के ज्ञान केंद्र संचालक, विभिन्न राज्यों से जुड़े प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं चिंतक सहभागी होंगे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजकों ने बताया कि यह अधिवेशन किसी राजनीतिक दल अथवा धार्मिक संगठन का सम्मेलन नहीं, बल्कि समाज की स्वशासी शक्ति के जागरण, लोकशक्ति के संगठन तथा राज्य-निर्भरता को कम करने की दिशा में चल रहे राष्ट्रीय जनजागरण अभियान का महत्वपूर्ण चरण है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में नोएडा में आयोजित मां संस्थान के वैचारिक शिविर में यह निर्णय लिया गया था कि व्यवस्था परिवर्तन के तीनों आयामों पर योजनाबद्ध कार्य करने के लिए देशभर में ज्ञान केंद्रों की स्थापना की जाएगी। इन ज्ञान केंद्रों को “संवाद, समन्वय एवं परिवर्तन के तीर्थ” के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पिछले दो वर्षों में ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में लगभग 200 ज्ञान केंद्र स्थापित एवं सक्रिय किए जा चुके हैं।
आयोजकों ने कहा कि लोकव्यवस्था जागरण अभियान का मूल उद्देश्य समाज की स्वशासी शक्तियों को पुनर्जीवित करना है, ताकि व्यक्ति, परिवार और समाज अपने स्वाभाविक दायित्वों का निर्वहन स्वयं कर सकें। अभियान का विश्वास है कि सशक्त समाज ही उत्तरदायी शासन की आधारशिला है। इसी विचार को “तंत्र मुक्त संविधान, युक्त समाज व्यवस्था” के सूत्र में अभिव्यक्त किया गया है।
अधिवेशन के दौरान ज्ञान केंद्रों की कार्यपद्धति, समाज में वैचारिक जागरण, संवाद संस्कृति के विकास, संस्थागत ढांचे, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा
25 जुलाई 2026
– प्रातः 9:30 बजे उद्घाटन सत्र
– ग्लोब पर माल्यार्पण एवं ध्वजारोहण
– स्वागत एवं परिचय
– अपराह्न 3:00 बजे “व्यवस्था परिवर्तन क्यों? और ज्ञान केंद्र की भूमिका” विषय पर वैचारिक गोष्ठी।
26 जुलाई 2026
– प्रातः 9:30 बजे से संस्थागत विकास एवं कार्ययोजना सत्र।
– ज्ञान केंद्रों की कार्यप्रणाली, प्रत्यक्ष उदाहरणों, समूह चर्चा तथा संस्था के सहयोगी कार्यक्रमों पर विचार।
– अपराह्न 3:00 बजे समीक्षा एवं समापन गोष्ठी, आगामी कार्यक्रमों की घोषणा तथा प्रतिभागियों की विदाई।
आयोजकों ने बताया कि अधिवेशन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था संस्थान द्वारा की गई है। कार्यक्रम से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए विशेष व्हाट्सएप समूह भी संचालित किया जा रहा है।
समाज के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों से इस वैचारिक अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। पत्रकार वार्ताकार के रूप में ऋषिकेश के समाज विज्ञानी ब्रिजेश रॉय, मेरठ से नरेन्द्र सिंह और सुल्तानपुर से संजय तिवारी ने प्रश्नों के उत्तर दिए.
संपर्क:
📞 8318621282
✉️ gyanyagyap@gmail.com
🌐 margdarshak.info

