पत्रकारिता की आड़ में मानहानि और भूमि विवाद का लाभ उठाने का आरोप, दो कानूनी नोटिस जारी
रामानुजगंज। स्थानीय भूमि विवाद से संबंधित समाचार के प्रकाशन के बाद मामला अब कानूनी मोड़ ले चुका है। संबंधित पक्षों की ओर से समाचार पत्र के प्रकाशक, संपादक एवं स्थानीय संवाददाता को दो अलग-अलग विधिक नोटिस भेजे गए हैं। नोटिसों में समाचार को तथ्यहीन, एकपक्षीय एवं दुर्भावनापूर्ण बताते हुए उसका खंडन प्रकाशित करने तथा अन्यथा दीवानी एवं आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विधिक नोटिसों में कहा गया है कि प्रकाशित समाचार में भूमि विवाद से जुड़े महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेखों, न्यायालयों एवं सक्षम राजस्व अधिकारियों द्वारा पारित आदेशों का उल्लेख नहीं किया गया, जबकि ये सभी अभिलेख सार्वजनिक रिकॉर्ड का हिस्सा हैं। नोटिसकर्ताओं का दावा है कि संबंधित भूमि पर उनका अधिकार विधिवत पंजीकृत विक्रय पत्र के आधार पर स्थापित है और वे लगभग 14 वर्षों से वैधानिक रूप से कब्जे में हैं।
नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि समाचार प्रकाशित करने से पहले न तो नोटिसकर्ताओं का पक्ष लिया गया और न ही उपलब्ध दस्तावेजों एवं न्यायिक अभिलेखों का सत्यापन किया गया। इससे निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ और समाचार के माध्यम से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाई गई।
सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि स्थानीय पत्रकार बैजनाथ केसरी स्वयं उक्त भूमि विवाद के एक पक्षकार हैं। नोटिसकर्ताओं का कहना है कि इस कारण वे मामले के सभी तथ्यों, न्यायिक आदेशों एवं राजस्व अभिलेखों से पूरी तरह परिचित हैं। इसके बावजूद उन्होंने कथित रूप से अपने निजी हितों को साधने, भूमि विवाद का लाभ उठाने, विधिसम्मत कार्यों में बाधा पहुंचाने तथा नोटिसकर्ताओं को व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से समाचार प्रकाशित कराया। यह आचरण पत्रकारिता की निष्पक्षता के विपरीत बताया गया है।
विधिक नोटिसों में समाचार पत्र से प्रकाशित समाचार का प्रमुखता से खंडन एवं स्पष्टीकरण प्रकाशित करने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयावधि में ऐसा नहीं किए जाने पर मानहानि सहित अन्य उपयुक्त दीवानी एवं आपराधिक कार्यवाही की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक संबंधित पत्रकार अथवा समाचार पत्र की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
