BalrampurChhattisgarhCrime & LawRamanujganj

बलरामपुर: खेत की जुताई के दौरान अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, दबने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

बलरामपुर / वाड्रफनगर: बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शारदापुर (सु) पतराटोला में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत की जुताई करते समय अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से 25 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम शारदापुर निवासी अजय (25 वर्ष), पिता देवबली, रोज की तरह अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। अजय ट्रैक्टर के भारी हिस्से के नीचे बुरी तरह दब गया, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही बदहवास परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर अजय के शव को बाहर निकाला गया। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर त्रिकुंडा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामला पहली नज़र में दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *